देश के 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश कोरोना संक्रमण की चपेट में हैं। राज्य सरकारों की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमितों की संख्या बुधवार सुबह तक 588 हो गई, अब तक 11 लोगों की जान गई है। आज संक्रमण के 52 मामले बढ़े। हालांकि केंद्र सरकार ने अभी तक देश में 562 पॉजिटिव और 512 एक्टिव मामले होने की जानकारी दी है। तमिलनाडु के मदुरै में सुबह 54 वर्षीय संक्रमित मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कोरोना के सबसे ज्यादा 112 मामले महाराष्ट्र में हैं, जबकि केरल (109) दूसरे नंबर पर है। मंगलवार आधी रात से अगले 21 दिनों के लिए सभी राज्यों में लॉकडाउन रहेगा। इस बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने कहा कि लोग लॉकडाउन का उल्लंघन न करें। अमेरिका में इसके लिए सेना बुलानी पड़ी थी, अगर हमारे यहां हालात काबू में नहीं आए तो नियम तोड़ने पर देखते ही गोली मारने का आदेश देना पड़ सकता है। उधर, महान एयरलाइन्स का विमान ईरान के तेहरान शहर से 277 भारतीयों को लेकर सुबह जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचा। सभी लोगों की एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग की गई। इन्हें सेना के जोधपुर क्वारैंटाइन सेंटर ले जाया गया है।
लॉकडाउन और कर्फ्यू लागू कराने के लिए पुलिस मुस्तैद है। गृह मंत्रालय के अनुसार लॉकडाउन का नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें एक से दो साल की जेल के अलावा कुछ मामलों में जुर्माने का भी प्रावधान है।
डर कर खरीददारी न करें, जरूरी चीजों की आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कोरोना को हराने के लिए हम सभी को घर पर रहना चाहिए। डरने की कोई जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के बाद मंगलवार को लोग जरूरी चीजें खरीदने के लिए दुकानों पर जुटने लगे। मैं दोबारा लोगों से अपील करूंगा कि वे डर कर खरीददारी न करें। मैं आश्वस्त करता हूं कि ऐसी चीजों की कमी नहीं होगी। जरूरी सेवाएं देने वाले जिन लोगों के पास आई कार्ड नहीं है सरकार उन्हें ई-पास उपलब्ध कराएगी। दिल्ली के पुलिस उपायुक्त ने हेल्पलाइन नंबर 23469536 जारी किया है। कोई दिक्कत होने पर इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस सख्ती बरतने के साथ ही लोगों की मदद भी कर रही
देश भर में लॉकडाउन के बीच पुलिस जहां सख्ती के साथ लॉकडाउन का पालन करा रही है वहीं, जरूरतमंदों की मदद भी कर रही है। बुधवार को जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने लॉकडाउन नहीं मानने वालों को सोशल डिस्टेंसिंग के लिए बनाए गए गोल घेरों में बिठा दिया। मध्य प्रदेश में कई जगहों पर पुलिस ने बाहर घूमते दिखे लोगों पर लाठियां चलाई तो कुछ स्थानों पर कान पकड़कर उठने बैठने की सजा दी। इस बीच, पंजाब पुलिस और बेंगलुरु पुलिस लोगों के बीच भोजन बांटते नजर आई।